हरिद्वार में रेलवे कॉलोनी के एक आवास में आधी रात एक चोर घुस आया। मगर चोर की किस्मत फूटी थी कि उसने गलत समय पर एंट्री कर दी।
अभी तक पति पत्नी जाग ही रहे थे कि उन्होंने हलचल सुनकर उसे दबोच लिया। चोर को दौड़ा दौड़ाकर इतना पीटा कि उसके कपड़े तक फट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अधमरी हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस उसके होश में आने का इंतजार कर रही है।
रात करीब डेढ़ बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर रेलवे कॉलोनी से एक कॉल आई। जिसमें परिवार ने बताया कि उनके घर में चोर घुस आया है। मायापुर पुलिस चौकी से दो सिपाही कॉलोनी पहुंचे तो फटे कपड़ों में चोर अधमरी हालत में था। परिवार ने बताया कि चोर दबे पांव उनके घर में घुसा और चोरी करने से पहले आस पास का मुआयना कर रहा था।
तभी इसकी भनक पति पत्नी को लग गई और उन्होंने चोर को पकड़ लिया। दौड़ा दौड़ाकर पीटते हुए सारा गुस्सा शांत किया गया। चोर की हालत देखकर पुलिस उसे कोतवाली के बजाय सीधे जिला अस्पताल ले गई। डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए उसे भर्ती कर लिया।
बेहोशी में होने के चलते अगली सुबह तक भी पुलिस को अपना नाम तक नहीं बता पाया। कोतवाली प्रभारी योगेन्द्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि पकड़े गए आरोपी का इलाज किया जा रहा है। होश आने पर उससे पूछताछ कर अगली कार्रवाई की जाएगी।