रुड़की में जिस आईआईटी परिसर में चप्पे-चप्पे पर निजी सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं वहां की सुरक्षा में भी चोरों ने सेंध लगा दी।
चोरों ने यहां महिला के घर और एक परचून की दुकान से करीब पांच लाख के जेवरात और सामान पर हाथ साफ कर दिया।
शहर में एक अन्य वारदात में पूर्व शिक्षक का घर और भगवानपुर में परचून की दुकान भी चोरों ने खंगाली।
आईआईटी परिसर में मकान का ताला तोड़ा
आईआईटी परिसर में खोसला इंटरनेशनल भवन के पास प्रेमकला कन्नौजिया की ड्राइक्लीन की दुकान है। दुकान के पीछे ही उनका आवास है।
दुकान पर काम करने के लिए उन्होंने ढंडेरा के किसी व्यक्ति को रखा है। 17 जून को प्रेमकला अपनी बेटी के साथ हैदराबाद गई थी। मंगलवार रात चोरों ने उनके मकान के ताले तोड़ दिए।
चोरों ने घर के अंदर से 4.75 लाख के जेवरात उड़ा लिए। इसके बाद चोरों ने पास में ही स्थित सोलानीपुरम निवासी सचिन शर्मा की परचून की दुकान से करीब आठ सौ रुपए नकदी और अन्य सामान समेट लिया।
नौकर को हिरासत में लिया
बुधवार को हैदराबाद से लौटने पर महिला को चोरी की जानकारी हुई। पुलिस ने संदेह के आधार पर महिला की दुकान के नौकर को हिरासत में लिया है।
वहीं, आईआईटी परिसर में चोरी की दो वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल पट्टी खोल दी है।
आईआईटी की सुरक्षा के लिए निजी कंपनी के सुरक्षाकर्मी हर गेट पर तैनात किए गए हैं। इसके बावजूद यहां चोरों ने सेंध लगा दी।
पूर्व शिक्षक के घर से पांच लाख के जेवर साफ
मंगलवार रात को ही चोरों ने रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गीताजंलि विहार निवासी पूर्व शिक्षक अशोक के घर धावा बोल दिया।
चोरों ने घर के अंदर से करीब पांच लाख के जेवरात और सात हजार की नकदी साफ कर दी।
बताया गया कि चोर गेट की जाली काटकर अंदर घुसे थे। बुधवार सुबह चोरी की जानकारी हो पाई। घटना की तहरीर गंगनहर पुलिस को दी गई है।
परचून की दुकान से हजारों का माल चोरी
भगवानपुर के नन्हेड़ा अन्नतपुर गांव में चोरों ने एक परचून की दुकान से नकदी समेत हजारों के माल पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सुल्तान की नन्हेड़ा अन्नतपुर गांव में परचून की दुकान है। मंगलवार रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़ दिया।
चोरों ने दुकान के अंदर रखी करीब 10 हजार की नकदी और 70 हजार का परचून का सामान साफ कर दिया। माल समेटने के बाद चोर फरार हो गए। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।