पुलिस कस्टडी में प्राइवेट बस चोरी का मामला विधानसभा में गूंजने के बाद पुलिस बस और बस के मंत्र के गुणगान में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज से बस के बिजनौर तक जाने की पुष्टि के बाद पुलिस का पूरा फोकस बिजनौर और मेरठ पर है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि बस मामले में महत्वपूर्ण सुराग है, जल्द उसकी पूरी गुत्थी सुलझा दी जाएगी।
आईएसबीटी पुलिस चौकी क्षेत्र में महिला की मौत के मामले में कस्टडी में ली गई विकासनगर मार्ग की प्राइवेट बस चोरी हो गई थी। खुले स्थान से बस चोरी के मामले में चौकी प्रभारी की तरफ से अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पहले तो पुलिस ने बस चोरी में ज्यादा गंभीरता नहीं दिखाई।
सीसीटीवी में दिखी बस
विधानसभा में किरकिरी के बाद पुलिस ने बस बरामदगी में पूरी ताकत झोंक दी है। सीसीटीवी फुटेज में बस बिजनौर से मेरठ रोड पर जाते हुए दिखाई दी है, लेकिन उसके बाद से सुराग नहीं लग रहा था। पुलिस जैसे-तैसे इस मामले को मैनेज करने में जुटी थी। दिन भर पुलिस अधिकारी कार्रवाई की समीक्षा करते रहे।
रात में एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने एसपी सिटी अजय सिंह आदि अधिकारियों के साथ इस मामले में प्रगति रिपोर्ट ली। सूत्रों का कहना है कि बस तो सामने है, लेकिन चोर अभी तक हाथ नहीं आया है। हालांकि एसपी सिटी का कहना है कि बस चोरी मामले में महत्वपूर्ण सुराग है। रविवार तक केस की गुत्थी सुलझ सकती है।
पुलिस को चकमा देने वाले तीन युवक दबोचे
पुलिस को चकमा देकर फरार हुए तीन युवकों को सिटी पैट्रोल यूनिट ने दिलाराम चौक पर थाम लिया। बाद में उनकी कार को सीज करते हुए उनका चालान कर दिया। मसूरी डायवर्जन पर तैनात पुलिस कर्मियों की तरफ से वैगनआर सवार युवकों को रोकने का संदेश दिया गया था। कार सवार युवक पुलिस कर्मियों के रोकने पर अभद्रता करते हुए फरार हुए थे। सीपीयू जवानों ने कार को रोक लिया। नशे में होने के कारण उनका चालान किया गया।