बुधवार देर रात मारखमग्रांट धर्मूचक स्थित गोगामाड़ी मंदिर में धावा बोलकर हथियारबंद बदमाशों ने पुजारी को बंधक बनाकर नकदी और जेवर लूट लिए। सनसनीखेज घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर छानबीन शुरू कर दी है।देर रात हथियारों से लैस बदमाश मंदिर का गेट फांदकर अंदर घुसे। शोर सुनकर मंदिर की देखभाल करने वाले पुजारी सतपाल की नींद खुल गई।
हथियारों के बल पर बनाया बंधक
बताया जा रहा है कि जैसे वह कमरे से बाहर आए, बदमाशों ने हथियारों के बल पर उन्हें बंधक बना लिया। बदमाशों ने मंदिर में जमकर लूटपाट की और पीछे के रास्ते से सौंग नदी की ओर भाग निकले।
बदहवास पुजारी ने रात को ही घटना की जानकारी मंदिर के मुख्य पुजारी मामचंद पाल को दी। बताया कि चार से पांच बदमाश थे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
नकदी और मंदिर से चांदी के जेवर गायब
मुख्य पुजारी ने बताया कि मंदिर में राजस्थान गोगा मंदिर जाने वालों की नकदी और मंदिर से चांदी के जेवर गायब हैं। क्षति का अनुमान लाखों में है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में आसपास कांबिंग की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। कोतवाल कमलेश नंबूरी ने बताया कि मामला दर्ज कर तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है।