हत्या के प्रयास और डकैती के मामले में चौदह साल से फरार चल रहे पिथौरागढ़ के पांच हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर को एसटीएफ (कुमाऊं यूनिट)ने कनखल से धर दबोचा।
वर्ष 2003 में पिथौरागढ़ के गांव मोटी पोस्ट सईपारा तहसील डीडीहाट के रहने वाले हरिशंकर शर्मा पर घर में घुसकर कातिलाना हमला होने के साथ ही घर में लूटपाट की वारदात हुई थी। तब से मुख्य आरोपी सुरेश चंद्र भट्ट पुत्र स्व. कृष्णा चंद्र निवासी रसियापाटी तहसील डीडीहाट पिथौरागढ़ फरार था।
पिछले दिनों एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट को खबर मिली की आरोपी संत बनकर हरिद्वार के कनखल में संतोषी माता आश्रम में रह रहा है। शुक्रवार को एसटीएफ के एसआई केपी टम्टा की अगुवाई में टीम ने सन्यास मार्ग पर आरोपी हिस्ट्रीशीटर को धर दबोचा।
एसटीएफ की टीम आरोपी को पकड़कर कनखल थाने ले गई। पूछताछ में सुरेश चंद्र भट्ट से सुरेशानंद गिरि बने आरोपी ने बताया कि वह कई वर्षों से अलग- अलग स्थान पर रह रहा था और कई वर्ष से हरिद्वार में है।