बीते पांच जून को हल्द्वानी के बेरीपोखरा में बदमाशों ने कोचिंग संचालक भुवन भट्ट के घर में घुसकर उनकी पत्नी राधा भट्ट की हत्या कर दी और पति को अधमरा करके घर से कीमती सामान समेटकर फरार हो गए थे।
ठीक 17 दिन बाद बदमाशों ने रुद्रपुर की गंगापुर रोड स्थित सर्वेश्वरी कॉलोनी निवासी पंकज श्रीवास्तव के घर में धावा बोलकर उनकी पत्नी अपर्णा की हत्या के बाद डकैती को अंजाम दिया।
वारदात के तरीकों और जांच में बदमाशों के छैमार होने की पुष्टि होने के बाद उनकी धरपकड़ को कई राज्यों की खाक छानकर सैकड़ों संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस के हाथ वारदातों को अंजाम देने वालों को गिरेबान तक पहुंच गए।
सूत्रों की माने तो दोनों वारदातों को छह बदमाशों ने अंजाम दिया था इनमें से तीन बदमाश यूपी और तीन बदमाश यूएसनगर जिले के रुद्रपुर शहर के रहने वाले हैं।
इनमें से रुद्रपुर के तीन बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर यूपी के तीन बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों की दबिश जारी है। आईजी पूरन सिंह रावत ने बताया कि डकैती के दोनों मामलों में पुलिस को सफलता मिल गई है। शुक्रवार को नैनीताल में इसका खुलासा किया जा सकता है।
यूपी के बदमाश हैं सगे भाई
हल्द्वानी और रुद्रपुर में हत्या एवं डकैती को अंजाम देने वाले बदमाशों में फरार चल रहे यूपी के तीन बदमाश सगे भाई हैं। तीनों का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है।