उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ प्रखंड के एक गांव में कलयुगी बेटे ने अपनी 60 वर्षीय मां को मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर पहुंची राजस्व पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
बृहस्पतिवार शाम चार बजे राजस्व उप निरीक्षक गुलाब सिंह पंवार को बगोडी गांव के बौलाण नामे तोक निवासी अहिल्या पत्नी स्व. चंदन सिंह की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत की सूचना मिली। मृतका के बड़े बेटे ने राजस्व पुलिस को सूचित किया था।
बड़े बेटे ने देखी मां की लाश
मामले की जांच को गांव पहुंचे राजस्व उप निरीक्षक को मृतका के बड़े बेटे कुलदीप ने बताया कि मनपसंद खाना नहीं बनाने पर उनके छोटे भाई शिवदीप (उम्र 30) की मां के साथ कहासुनी हो गई थी।
उन्होंने शिवदीप को समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह उनसे भी मारपीट करने लगा, जिस पर वे वहां से चले गए। कुछ ही देर बाद घर में चिल्लाने की आवाज आने पर वे वापस लौटे तो मां फर्श पर मृत पड़ी थी।
गला दबाकर की हत्या
कुलदीप ने आरोप लगाया कि शिवदीप ने गला दबाकर मां की हत्या की है। राजस्व उप निरीक्षक गुलाब सिंह पंवार ने बताया कि युवक के भाई ने मौखिक रूप से यह आरोप लगाया है।
महिला के गले पर निशान पाए गए हैं। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।