प्रेमनगर थाना क्षेत्र में सेल्समैन ने अपने ही मालिक के बंद घर पर चोरी कर ली। उसकी करतूत घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने सेल्समैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक संजय तलवार पुत्र पिरोसी तलवार निवासी विंग नंबर 3/11 प्रेमनगर के ससुर की 21 फरवरी को मौत हो गई थी। बेटे और बेटी को बड़े भाई के घर पर छोड़कर पूरा परिवार जालंधर चला गया था। 22 फरवरी को घर बंद था।
23 फरवरी को जब बच्चे तैयार होने के लिए घर पहुंचे तो घर का टूटा हुआ ताला देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो घर का सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। संजय तलवार के बड़े भाई गिरीश तलवार ने उन्हें घटना की सूचना दी।
घर में छानबीन के बाद पता चला कि आलमारी में रखे करीब 30 हजार रुपये चोरी हुए।गिरीश तलवार ने ही पुलिस को मामले की तहरीर दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला तो एक चोर दिखाई दिया।
आरोपी की पहचान बाइस्तवा मुकेश उर्फ पप्पू पुत्र पूरण चंद निवासी न्यू मिट्ठी बेहड़ी प्रेमनगर के रूप में हुई। पीड़ित ने बताया कि मुकेश उनके दुकान में सेल्समैन का काम करता है। फिलहाल आरोपी फरार चल रहा है।