हरिद्वार के जमालपुर की दयाल एनक्लेव में सरियों से लैस कच्छा बनियानधारी गिरोह के पांच बदमाशों ने कारोबारी और परिजनों को बंधक बनाकर लाखों की डकैती डाली।
विज्ञापन
बदमाश चहारदीवारी फांदकर घर के अंदर घुसे थे। दो बदमाश नकाबपोश थे, जबकि बाकी के मुंह ढके नहीं थे। वारदात के बाद बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र की कांबिग की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए।
कनखल थाना क्षेत्र के जमालपुर कलां की दयाल एनक्लेव निवासी अशोक वर्मा का सुभाषनगर में मोबाइल रिपेयरिंग सर्विस सेंटर है।
शुक्रवार रात करीब सवा 12 बजे कच्छा-बनियानधारी गिरोह के पांच बदमाश चहारदीवारी फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए। सभी बदमाश सरियों से लैस थे। चार बदमाशों ने अशोक वर्मा पुत्र अरुण वर्मा के हाथ बांधकर बंधक बना लिया, जबकि एक आंगन में खड़ा रहा।
विज्ञापन
Trending Videos
लाखों के सामान की लूट
बदमाशों ने अशोक की पत्नी और पुत्रवधु से हार, सोने की चेन, टॉप्स, पाजेब समेत करीब डेढ़ लाख के जेवरात लूट लिए। बदमाशों ने अलमारी में रखे करीब 35 हजार की नकदी भी लूट ली।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए। करीब आधे घंटे बाद बंधन मुक्त होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
एसएसपी सदानंद दाते समेत तमाम पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश में कांबिग कराई। कई घंटों की कांबिग कराने के बाद भी बदमाश पुलिस के हाथ नहीं आए।
आधे घंटे तक आराम से करते रहे लूट
कारोबारी के घर डाका डालने आए बदमाशों को मानो पुलिस का कोई डर नहीं था। आधा घंटे तक बदमाश बडे़ आराम से वारदात करते रहे।
परिजनों को आतंकित करने के लिए बदमाशों ने घर के सामान में तोड़फोड़ की जिससे परिजन भयभीत हो गए और जिससे बदमाशों को अधिक विरोध नहीं झेलना पड़ा।
देर रात तक जगने वाले शहर में 12 बजे की डकैती की घटना होना पुलिस की गश्त और सुरक्षा पर सवाल खड़ा करता है।
इस तरह घुसे घर के भीतर
कारोबारी के घर की दीवार फांदकर एक बदमाश अंदर घुसा था। उसने अंदर से घर का मेनगेट खोल दिया। परिजनों की अभी आंख लगी थी। जाहिर था कि वह भी आहट सुनकर उठ गए लेकिन बदमाशों ने तुरंत ही सबको कब्जे में ले लिया।
सरियों से लैस बदमाशों ने परिजनों को जान से मारने की धमकी देकर भयभीत कर दिया। करीब आधा घंटे तक बदमाश उत्पात माचते रहे।
नई कालोनी में पुलिस की गश्त न होने और सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने का बदमाशों को पूरी जानकारी थी। दूसरी बात यह कि इस कालोनी में कारोबारी के घर के सामने मात्र एक ही मकान था और वह भी बंद था।
शहर में कच्छा बनियानधारी गिरोह की दस्तक से जहां शहर में दहशत है। वहीं पुलिस अधिकारी भी चिंतित दिख रहे हैं।
कच्छा-बनियानधारी गिरोह रेलवे ट्रैक और रेलवे स्टेशन के आसपास की कालोनियों को निशाना बनाता है। वारदात के बाद बदमाश ट्रैक के रास्ते होकर ही फरार होते हैं। पुलिस के सामने अब ऐसी कालोनियों की सुरक्षा चुनौती है।
क्या कहते हैं अधिकारी रेलवे स्टेशन के आसपास की सुनसान कालोनियों को चिन्हित किया जा रहा है। इन कालोनियों में गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बदमाशों को चिन्हित किया जा रहा है। शीघ्र ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। -सदानंद दाते एसएसपी हरिद्वार