दिल्ली पुलिस की सूचना पर बहला-फुसलाकर हरिद्वार लाई गई तीन नाबालिग लड़कियों को जीआरपी ने बरामद कर लिया।
आशंका जताई जा रही है कि तीनों को बेचने के लिए लाया गया था और इन्हें हरिद्वार से कहीं और भेजने की योजना थी। पूरे प्रकरण में शामिल एक औरत की पुलिस को सरगर्मी से तलाश है।
पुलिस के अनुसार रविवार को दिल्ली से हरिद्वार आ रही उत्कल एक्सप्रेस में तीन नाबालिग लड़कियों को (10 से 15 साल की) बहला-फुसलाकर लाया गया।
एसी कोच से तीनों बच्चियां हुई बरामद
परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने दिल्ली पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। जांच-पड़ताल के बाद दिल्ली पुलिस ने सभी जीआरपी को मैसेज फ्लैश करवाया।
सूचना मिलने पर हरिद्वार जीआरपी इंचार्ज नवीन चंद जुराल ने रात डेढ़ बजे स्टेशन पर पहुंची उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन को खंगाला।
पुलिस ने एस-3 कोच से तीनों नाबालिग लड़कियों को बरामद कर लिया। साथ ही दिल्ली पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई।
पुलिस को औरत की तलाश
सुबह दिल्ली पुलिस हरिद्वार पहुंची और तीनों मासूम बच्चियों को अपने साथ ले गई। सूत्रों के अनुसार पूरे मामले में एक गिरोह के शामिल होने की बात सामने आई है, जो बच्चियों की खरीद-फरोख्त का काम करता है।
बताया जा रहा है कि एक औरत के कहने पर बच्चियों को बहला-फुसलाकर यहां भेजा गया था, जिसकी पुलिस को तलाश है।
फिलहाल हरिद्वार जीआरपी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है। जीआरपी इंचार्ज नवीन चंद जुराल ने बताया कि दिल्ली पुलिस को बच्चियां सौंप दी गई हैं। आगे की कार्रवाई दिल्ली पुलिस करेगी।