पुलिस को बैंक के करेंसी वाहन में चेकिंग के दौरान ऐसी चीज मिली जिसे देखते ही वहां मौजूद अधिकारी हक्के-बक्के रह गए। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
बैंक के करेंसी वाहन से 91 पेटी शराब बरामद होने का मामला पुलिस ने मामूली धाराओं में दर्ज किया। साथ ही बैंक की स्थानीय शाखा ने भी विभागीय कार्रवाई करने की जरूरत नहीं समझी। हां, बैंक की एक टीम कोतवाली में खड़े वाहन को देखने जरूर गई थी। इसके अलावा कोई पड़ताल नहीं हुई।
बीती 31 अक्तूबर को पुलिस ने सबौरा के पास वाहन (एचआर62-8670) को रोका। वाहन पर स्टेट बैंक आफ इंडिया लिखा था। अक्सर ऐसे वाहनों से बैंक की करेंसी इधर से उधर लाने- ले जाने का कार्य लिया जाता है।
जांच करने पर वाहन से 91 पेटी हरियाणा ब्रांड की शराब बरामद हुई। पुलिस ने सुरेश पुत्र राजकुमार निवासी जिला हिसार हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन शराब का स्वामी किशन सिंह निवासी बनकटिया मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने इस मामले में केवल आबकारी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।