हरिद्वार से तस्करी कर उत्तरकाशी बेचने के लिए ले जा रहे आठ किलो अफीम डोडा पाउडर के साथ पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों के पास से पुलिस ने 35 हजार की नकदी भी बरामद की है। तीनों आरोपियों को पुलिस ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
सोमवार रात को नरेंद्रनगर थाना प्रभारी आरके सकलानी और उप निरीक्षक टीकम सिंह चौहान के नेतृत्व में वाहनों की चेकिंग के लिए अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस ने ऋषिकेश की तरफ से आ रही एक कार को चेकिंग के लिए रोका। तलाशी लेने पर कार के अंदर से अफीम का आठ किलो डोडा पाउडर मिला।
कार के अंदर इलेक्ट्रानिक तराजू भी रखा हुआ था। तस्करी करने के आरोप में पुलिस ने कार चालक गौरव शर्मा निवासी नालागढ़ सोलन हिमाचल प्रदेश, प्रमोद बिष्ट निवासी धारकोट थाना लक्ष्मणझूला और गिरधारी कुमार निवासी ब्रह्मपुरी हरिद्वार को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में तस्करों ने बताया कि डोडा पाउडर उन्होंने जोगीवडा हरिद्वार निवासी संजय शर्मा से खरीदा था, जिसे इन्हें भागचंद निवासी उत्तरकाशी रोड भटवाड़ी को देना था। पुलिस अब संजय शर्मा और भागचंद को तलाश कर रही है। इनसे बरामद कार भी पुलिस संदिग्ध मान रही है, जो चोरी की हो सकती है। कार के संबंध में भी ऊधमसिंह नगर संपर्क किया जा रहा है।