हरिद्वार पुलिस ने लूटपाट व डकैती की योजना बना रहे पांच बदमाशों को बावन दरा के पास गिरफ्तार किया है। इनके पास से तमंचे और कारतूस बरामद कर पांचों को जेल भेज दिया है।
धनौरी चौकी प्रभारी रणजीत तोमर को शुक्रवार देर रात सूचना मिली कि बदमाशों का एक गिरोह बावन दरा के पास मौजूद है। यह बदमाश लूटपाट या डकैती को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर ली लेकिन, इससे पहले बदमाश भाग निकले।
उसके बाद पुलिस ने सर्च अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्तार बदमाशों को पिरान कलियर थाने ले आई। तलाशी लेने पर बदमाशों के पास से तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो चाकू बरामद किए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी एसके सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में शफीक, रिजवान उर्फ राजूू निवासीगण बढ़ेडी राजपुताना, परवेज निवासी मोहल्ला कस्साबान ज्वालापुर, इरशाद एवं जावेद निवासीगण बेगीबांस गंगोह सहारनपुर शामिल हैं। दबोचे ने इस खुलासा किया है कि वे डकैती डालने जा ही रहे थे तभी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों को दबोचने वाली टीम में एसआई रणजीत तोमर, दिनेश, अरविंद, नीरज मेहरा, जितेंद्र एवं बबलू समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
लूटपाट में वारदातों में शामिल है बदमाश
सीओ एसके सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में से जावेद के खिलाफ गंगोह थाने में बाइक लूट का मुकदमा दर्ज है। परवेज के खिलाफ रानीपुर कोतवाली में गोकशी का मुकदमा दर्ज है। सीओ ने बताया कि अन्य तीनों बदमाशों का अभी तक कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है, लेकिन पांचों बदमाशों के आपराधिक इतिहास खंगलाने के लिए प्रदेश के साथ-साथ समीपवर्ती जिलों की पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।