बहन के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर पीएसी के जवान की मनचलों ने पिटाई कर दी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना हरिद्वार की है।
विष्णु घाट क्षेत्र में रहने वाला पीएसी फ्लड कंपनी में तैनात सिपाही और उसका भाई अलग अलग बाइक पर परिवार के साथ कनखल एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
नशे में धुत थे युवक
आरोप है कि शिवमूर्ति चौक के पास शराब के नशे में धुत युवक ने बहन पर फब्तियां कसी। विरोध करने पर युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर सिपाही और उसके भाई की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची लेकिन तब तक आरोपी भाग गए।
आरोपी गिरफ्तार
देर रात ही पीड़ित पक्ष की ओर से एक युवक शिवम निवासी शिवमूर्ति वाली गली के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया।
मंगलवार को कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर लिया। एसएसआई पंकज देवरानी ने बताया कि मारपीट में शामिल अन्य युवकों को भी चिह्नित किया जा रहा है।