फर्जी दस्तावेज के आधार पर पासपोर्ट बनाने का प्रयास कर रहे नेपाली नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 21 हजार कोरियन करेंसी के साथ देश में अवैध तरीके से बनवाया गया आधार कार्ड, पहचान पत्र जब्त किया गया है। नेपाल से बने पासपोर्ट पर वह चीन और कोरिया की यात्रा कर चुका है। आर्मी और आईबी समेत दूसरे एजेंसियां उससे पूछताछ में जुटी हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वीटी अग्रवाल के मुताबिक रायवाला के प्रतीत नगर निवासी लेख बहादुर थापा ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। जांच के दौरान पता चला कि लेख बहादुर नेपाल का निवासी है। उसने एक जुलाई 2007 को नेपाल से पासपोर्ट बनवाया था, जिसकी वैधता 30 सितंबर 2017 की है। पहला पासपोर्ट लेख बहादुर सोमयी थापा के नाम से है।
नए पासपोर्ट में नाम बदलने के साथ उसने अपना जन्म स्थान भी बदल दिया। इसे भारत में दर्शाया गया है। तमाम साक्ष्य जुटाने के बाद एलआईयू उप निरीक्षक की तरफ से रायवाला थाने में लेख बहादुर के खिलाफ पासपोर्ट अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया गया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पता चला है कि वह चीन और कोरिया की यात्रा कर चुका है। कोरिया में उसने ढाई साल नौकरी भी की। पुलिस ने फॉरनर वर्कर कार्ड, चार एटीएम और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। आर्मी इंटेलीजेंस, आईबी और स्थानीय अभिसूचना इकाई देर शाम तक आरोपी से पूछताछ करने में जुटी थी।