काशीपुर में कार से देर रात घर लौट रहे भाजपा नेता के भाई की अज्ञात बदमाशों ने घर के पास गोली मारकर हत्या कर दी।
मृतक के चचेरे भाई भाजपा के वरिष्ठ नेता अनूप अग्रवाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। शहर के सबसे पॉश इलाके में हुई इस घटना के बाद लोग दहशत में हैं।
रिश्तेदारों संग गया थे बाहर
चामुंडा विहार कॉलोनी निवासी अर्पित अग्रवाल (32) पुत्र स्व. महेश कुमार अग्रवाल की मानपुर रोड पर एमके इंडस्ट्रीज के नाम से राइस मिल है।
अनाज मंडी में वह आढ़त का काम भी करते थे। मंगलवार की रात वह अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ बाजपुर रोड स्थित होटल मैनर में खाना खाने गए थे।
वापसी में रिश्तेदार दूसरी कार में बैठकर अपने घर चले गए जबकि अर्पित अपनी कार से वापस घर लौट रहे थे।
अर्पित के पेट से सटाकर मारी गोली
रात करीब साढ़े दस बजे अर्पित घर के करीब पहुंचे ही थे कि एक गली पहले अज्ञात बदमाशों ने अर्पित के पेट से सटाकर गोली मार दी।
गोली की आवाज वहां एक बारात का आयोजन होने से उसके शोर में दब गई। अर्पित का शव कार के पास ही पड़ा रहा। चौकीदार ने अर्पित का शव देखा तो उसने इसकी सूचना मोहल्ले के लोगों को दी।
रात में ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। बुधवार सुबह अर्पित की हत्या की खबर फैलने पर शहरवासी स्तब्ध रह गए।
पुलिस ने कब्जे में लिए सीसीटीवी फुटेज
इधर, कोतवाल बहादुर सिंह चौहान ने बताया कि घटना स्थल से एक 315 बोर का खोखा मिला है। पुलिस सभी रंगदारी समेत समस्त पहलुओं की जांच कर रही है।
एएसपी देवेंद्र पिंचा ने बताया कि जिस कॉलोनी में हत्या हुई है, उस कॉलोनी के घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
घटना के खुलासे को पुलिस टीम के साथ एसओजी की टीम को लगाया है।