अवैध संबंधों के चलते लाल मंदिर कालोनी ज्वालापुर निवासी हलवाई मुकेश ने अपनी पत्नी अनुराधा की हत्या की थी। एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिए गए मुकेश ने पुलिस के सामने यह खुलासा किया।
बताया कि उसकी पत्नी ने कुछ दिन से अपने प्रेमी को घर पर ही बुला लिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खोमचा, लोहे का पाइप और खून से सनी शर्ट बरामद की है।
फरवरी में हुई थी हत्या
अनुराधा की सात फरवरी को बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्यारोपी पति की तलाश में हरिद्वार सहित उसके पैतृक गांव मुजफ्फरनगर में कई बार छापे मारे। वह पुलिस को चकमा देकर पांच दिन पहले कोर्ट में आत्मसमर्पण कर जेल चला गया था।
पुलिस द्वारा उसे रिमांड पर लेकर लंबी पूछताछ की गई। कोतवाली प्रभारी पंकज गैरोला के अनुसार आरोपी मुकेश ने बताया कि अनुराधा के एक ऑटो चालक से अवैध संबंध थे।
कर रही थी पैसे की मांग
बीते वर्ष सितंबर और दिसंबर में वह घर छोड़कर प्रेमी के संग रहने लगी थी, लेकिन जनवरी माह में लौट आई थी और लगातार पैसों की डिमांड कर रही थी। वह उसे 45 हजार रुपये दे चुका था।
इसके बाद अनुराधा प्रेमी को बाइक दिलाने के लिए उससे पैसे मांग रही थी। फरवरी के शुरुआती दिनों में तो उसने प्रेमी को अपने घर में ही रख लिया था। वह पहली मंजिल पर बने कमरे में रह रहा था। पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होता रहता था।
मुकेश ने पुलिस को बताया कि इससे उसके मन में पत्नी के प्रति घृणा हो गई और उसने घटना के दिन मारपीट होने पर पत्नी को खोमचे और लोहे के पाइप से पीट-पीट कर हत्या कर दी।
मुकेश की किस्मत में नहीं परिवार का सुख
मूल रूप से रामपुरी, मुजफ्फरनगर निवासी मुकेश की वर्ष 1990 में उर्मिला से शादी हुई थी। उर्मिला बीमारी के कारण दस साल तक मां नहीं बन पाई। वर्ष 2000 में उसकी मुलाकात गांव में अनुराधा से हुई थी और बाद में शादी कर ली।
तीन वर्ष तक दोनों पत्नी साथ ही रही लेकिन वर्ष 2003 में उर्मिला घर छोड़कर मायके चली गई। मुकेश और अनुराधा से तीन बच्चे हैं लेकिन हालात ऐसे बने कि आखिर में अनुराधा के खून से मुकेश के हाथ रंग गए।