पहले तो युवक को पीट-पीट कर मार डाला फिर उसकी शवयात्रा को रास्ते में रोककर मुकदमा वापस लेने की धमकी देने लगे।
हरिद्वार के सैदाबाद गांव में युवक को पीट-पीटकर मौत के घाट उतारने के मामले में आरोपियों के परिजनों पर धमकाने का आरोप लगा है।
मृतक के परिवार वालों का आरोप है कि शवयात्रा रास्ते में रोककर आरोपियों के घरवालों ने उन्हें मुकदमा वापस लेने के लिए धमकाया।
मुकदमा वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी। शुक्रवार को जब पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर यह शिकायत अधिकारियों से की तो वे भी भौचक्के रह गए। पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है।
पिटाई से युवक की हुई थी मौत
सैदाबाद निवासी सुरेश (38) को गांव के ही दो लोगों ने पीटकर घायल कर दिया था। बाद में उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने दो आरोपियों के खिलाफ लक्सर कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
बृहस्पतिवार को सुरेश के शव का अंतिम संस्कार किया गया। शुक्रवार सुबह मृतक के पिता करतार ने परिवार वालों के साथ कोतवाली लक्सर पहुंचकर बताया कि जब सुरेश का शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा था तो आरोपियों के परिवार वालों ने रास्ते में शवयात्रा रुकवाकर उन्हें मुकदमा वापस लेने को कहा।
ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। कोतवाली प्रभारी भुवनेश शर्मा का कहना है कि पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
ट्रेन की पटरी पर दो लाशों से सनसनी
हरिद्वार जिले में तेज्जूपुर रेलवे फाटक के पास एक महिला ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। बाद में एसडीएम के आदेश पर शव को बिना पोस्टमार्टम कराए परिजनों को सौंप दिया।
शुक्रवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे चुड़ियाला के पास तेज्जूपुर रेलवे फाटक के करीब बांद्रा एक्सप्रेस के सामने आकर एक महिला रेलवे ट्रैक पर गर्दन रखकर लेट गई थी, ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। घटना की सूचना पर महिला के परिजन भी पहुंच गए। जीआरपी चौकी प्रभारी कृष्णकांत ने बताया कि मृतका थाना झबरेड़ा के ग्राम फकरहेडी निवासी आशी उर्फ चमचो देवी 70 साल पत्नी चतर सिंह है।
वहीं दूसरी ओर बृहस्पतिवार शाम करीब 55 वर्षीय एक व्यक्ति का शव चुड़ियाला रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक के किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर जीआरपी ने शव को कब्जे में ले लिया। जीआरपी के मुताबिक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।