हरिद्वार जनपद के कलियर-धनौरी कांवड़ पटरी मार्ग पर नकाबपोश बदमाशों ने पथराव कर एक मिनी ट्रक रुकवाकर तमंचे के बल पर चालक-परिचालक से साढ़े पांच लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घंटों कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चल पाया। तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित चालक मुजम्मिल, परिचालक फारुख और उनके साथी सोनू ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब चार बजे दौलतपुर आईटीसी कंपनी के गोदाम से उन्होंने परचून का सामान भरवाया था।
ट्रक को नंदप्रयाग कंपनी के डीलर के कार्यालय पहुंचाना था। सामान भरकर ट्रक को कलियर लाकर खड़ा कर दिया गया। उसके बाद बुधवार रात 11 बजे तीनों कलियर से नंदप्रयाग के लिए सामान लेकर चल दिए।