हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र स्थित एक गांव में नाबालिग की शादी अधेड़ से कराने के प्रयास के मामले में दूसरा मोड़ आ गया है। अब नाबालिग लड़की के परिजनों ने बुआ व उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों ने नाबालिग को बेचने का प्रयास करने तथा फूफा व उसके लड़कों पर शारीरिक शोषण करने के आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि 24 अगस्त को नाबालिग लड़की का निकाह अधेड़ से कराने का प्रयास नाबालिग की मां व ग्रामीणों ने विफल कर दिया था। विरोध के कारण दूल्हे को भागना पड़ा था। शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस ने निकाह कराने के प्रयास की आरोपी महिला से भविष्य में नाबालिग का निकाह नहीं कराने व मामले में कोई पुलिस कार्रवाई नहीं करने की बात लिखवा कर ले ली थी।
चार लाख रुपये में किया नाबालिग का सौदा
रेप
- फोटो : demo pic
अब नाबालिग के परिजनों ने इस महिला, उसके पति व पुत्रों पर उसे चार लाख रुपये में अधेड़ को बेचने की साजिश करने व उसका यौन शोषण किए जाने के आरोप लगाए हैं। जिस महिला पर आरोप लगाए जा रहे हैं वह नाबालिग की फूफी लगती है। पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है। एसआई सतेंद्र धामा को जांच सौंपी गई है। कोतवाली प्रभारी उत्तम सिंह जिमिवाल का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
तमंचा बरामद, एक धरा
पुलिस ने एक ग्रामीण को अवैध तमंचा रखने के आरोप में पकड़ा है। पुलिस ने शस्त्र अधिनियम की धारा में उसका चालान कर दिया है। जानकारी के अनुसार कोतवाली अंतर्गत तांशीपुर निवासी नटवर को अवैध तमंचे समेत पकड़ा है। उसे गांव के बाहर से चेतक पुलिस कर्मियों द्वारा पकड़ा गया है। पुलिस ने उसका चालान कर दिया है।