दोस्त की शादी में जयपुर से रुद्रपुर आए प्राईवेट बैंक में कार्यरत लोगों में से एक युवती की होटल के बाथरूम में नहाते वक्त रोशनदान से वीडियो क्लिपिंग बनाई जा रही थी। युवती ने एक युवक को अपनी वीडियो क्लीपिंग बनते देख शोर मचा दिया।
तभी आरोपी युवक मौके से भाग निकला। इसके बाद युवती के दोस्तों ने होटल में जमकर हंगामा काटा। वहीं परिजनों ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। एलायंस कालोनी निवासी युवक जयपुर में एक प्राइवेट बैंक में कार्य करता है। बुधवार को उसकी शादी थी। शादी में शरीक होने बुधवार को उसके 10 दोस्त जयपुर से आए हुए थे, जिसमें चार महिला मित्र और 6 पुरुष मित्र थे।
घर में जगह नहीं होने के कारण युवक ने उन्हें काशीपुर बाईपास रोड स्थित अंबर होटल के कमरा नंबर 105, 108,104 और 109 में ठहराया था। बुधवार रात को युवक की शादी थी और बृहस्पतिवार को रिसेप्शन होना था। बुधवार को 10 दोस्त सुबह 9 बजे होटल पहुंचे और यहां से तैयार होकर दोस्त की शादी में चले गए।
धवार रात को बारात बिलासपुर के वैंकेट हॉल में गई थी। दोस्त बारात के साथ सुबह एलांयस कालोनी पहुंचे। उसके बाद वे 7 बजे होटल में आ गए और कमरे में आराम करने लगे। साढ़े बारह बजे 105 कमरा नंबर में ठहरी चार युवतियों में से एक बाथरूम में नहाने गई।
जब वह नहा रही थी कि तभी रोशनदान से कोई मोबाइल से उसका वीडियो बना रहा था। उसने जब रोशनदान की तरफ देखा तो उसे युवक का धुंधला चेहरा और लाल रंग का मोबाइल दिखाई दिया। इस पर उसने चीखना शुरू कर दिया। चीख सुनकर युवक फरार हो गया। युवती ने बाथरूम से बाहर आकर अपने दोस्तों को इसकी जानकारी दी। दोस्त जब बगल के कमरे में गए तो वहां कोई नहीं था। खिड़की खुली हुई थी।
उन्होंने इसकी सूचना बैंक मैनेजर और दोस्त के परिजनों को दी। परिजनों और जयपुर से आए युवकों ने होटल में जमकर हंगामा काटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैंक स्टाफ से बात की। वहीं नौकरों और वेटरों से भी पूछताछ की गई। इसके बाद परिजनों ने कोतवाली में तहरीर दी है। एसआई सुनील बिष्ट ने बताया कि तहरीर मिल गई है। जांच की जा रही है।