देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र के बड़ा रामपुर गांव में किराए पर रहकर एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले झांसी यूपी के युवक की अज्ञात व्यक्ति ने भारी वस्तु से सिर पर प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने युवक के शव का मेडिकल परीक्षण कराकर परिजनों को सौंप दिया। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर घटना की जांच में जुटी है। एसपी देहात श्वेता चौबे ने भी घटनास्थल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार छत्रपाल (25) पुत्र रतिराम मूल निवासी ग्राम रोरा थाना लचुरा झांसी उत्तर प्रदेश कई साल से सेलाकुई क्षेत्र में अपने बड़े भाई राजाराम के साथ बड़ा रामपुर में नीना मिश्रा फॉर्म में किराए पर कमरा लेकर रह रहा था। जबकि उसकी बहन चंदा भी अपने बच्चों के साथ बराबर में ही किराए के कमरे पर रहती है।
चीखने की आवाज सुन बाहर निकली बहन तो...
murder
छत्रपाल सारा इंडस्ट्री स्थित एक कंपनी में काम करता था, जबकि उसका भाई एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। पुलिस ने बताया कि सोमवार की शाम करीब 5:30 बजे छत्रपाल ड्यूटी से घर लौटा। उसका भाई ड्यूटी पर गया था।
रात करीब 8:30 बजे खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। रात करीब 1:30 बजे उसकी बहन चंदा को चीखने चिल्लाने की आवाज सुनाई दी।
जब वह बाहर निकली तो उसने छत्रपाल के कमरे से किसी को भागते हुए देखा। अंधेरा होने के चलते वह उसकी पहचान नहीं कर सकी।
भाई को लहूलुहान देख निकली बहन की चीख
हत्या
- फोटो : DEMO Pics
जब चंदा भाई के कमरे में पहुंची तो उसे लहुलुहान देख उसकी चीख निकल गई। भाई बेसुध हालत में बिस्तर पर पड़ा था। शोर सुन आसपास रह रहे किराएदार घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। गंभीर घायल छत्रपाल को 108 एंबुलेंस सेवा से सीएचसी सहसपुर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्यारे के हाथ में कोई भारी वस्तु थी, आशंका जताई जा रही है कि उसी से उसने छत्रपाल के सिर पर प्रहार किया होगा।
सीओ चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतक के रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है।