देहरादून जिले में आने वाले त्यूनी क्षेत्र के कोराला में रहने वाला दो बच्चों का बाप पड़ोस की एक छात्रा संग फरार हो गया। दोनों के घरों से राजस्व पुलिस को पत्र मिले हैं।
फरार व्यक्ति ने पत्नी से परेशान होने का हवाला दिया, जबकि छात्रा ने प्रेम प्रसंग उजागर होने पर प्रेमी के साथ जाने की बात लिखी। राजस्व पुलिस ने दोनों पत्र कब्जे में ले लिए हैं। अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है।
बीए में पढ़ती है छात्रा
जानकारी के अनुसार कोराला निवासी एक व्यक्ति का पड़ोस में रहने वाली बीए की छात्रा से प्रेम प्रसंग चल रहा है। त्यूनी गेट बाजार में सब्जी की दुकान चलाने वाला यह शख्स दो बच्चों का बाप है।
दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की चर्चा लंबे समय से चल रही थी। इसी बीच बीती मंगलवार रात दोनों घर से लापता हो गए।
लेटर से खुला राज
काफी तलाश के बाद सफलता न मिलने पर राजस्व पुलिस बुलाई गई। घरों में पत्र मिलने के बाद मामले की असलियत सामने आ गई।
नायब तहसीलदार माधोराम शर्मा ने पत्र मिलने की बात स्वीकार की है। उनका कहना है कि अभी तक किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। पत्रों से मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है।