तमंचे और लाठियों से लैस चार बदमाशों ने देहरादून जिले के भाऊवाला स्थित पेट्रोल पंप से साढ़े चार लाख रुपए लूट लिए।
रोकने का प्रयास करने पर बदमाशों ने पंप के मैनेजर को पीटकर घायल कर दिया। भागते समय बदमाश मैनेजर की बाइक भी ले गए। बदमाशों की धरपकड़ के लिए बार्डर सीज कर दिए गए हैं। सहसपुर पुलिस के अनुसार भाऊवाला में इंडियन ऑयल का श्री बालासुंदरी किसान सेवा केंद्र के नाम से पेट्रोल पंप है।
सोमवार रात करीब नौ बजे तमंचे और लाठियां लिए बदमाश प्रबंधक कुशल रावत निवासी राजावाला के केबिन में आ धमके। उन्होंने लाठियों से कुशल के सिर पर वार कर दिया और टेबल पर रखा बैग छीन लिया। बैग में करीब साढ़े चार लाख रुपये थे। कुशल ने विरोध करने पर तमंचा दिखाया।
इस दौरान तीन अन्य कर्मचारी सुनील गुर्साइं, दिनेश राणा, दिनेश कुमार पेट्रोल पंप पर मौजूद थे। बदमाशों ने उन्हें धमकाकर चुप करा दिया। बदमाश कैश के साथ पेट्रोल पंप के मैनेजर की बाइक और तीनों कर्मचारियों के मोबाइल छीनकर फरार हो गए। फरार होने से पहले बदमाशों ने पंप के कर्मचारियों को केबिन में बंद कर बाहर से शटर गिरा दिया।
बाहर मौजूद सुनील गुसाईं ने किसी तरह लूट की जानकारी पुलिस तक पहुंचाई। मौके पर पहुंचे सीओ स्वप्न किशोर सिंह, थानाध्यक्ष यशपाल सिंह और चौकी प्रभारी दिलबर सिंह नेगी ने कर्मचारियों से जानकारी जुटाई। प्रबंधक का निजी क्लीनिक में इलाज कराया गया। सीओ ने बताया कि प्रबंधक की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीसीटीवी कैमरा
पेट्रोल पंप में लगा सीसीटीवी कैमरा एक माह से खराब है। इस वजह से वारदात कैमरे में कैद नहीं हो सकी। बदमाशों ने फरार होने से पहले प्रबंधक के केबिन में रखे सीसीटीवी कैमरे के मॉनिटर को तोड़ दिया।
दो दिन का था कैश
प्रबंधक के पास दो दिन में हुई बिक्री का कैश था। रविवार को छुट्टी होने के कारण सोमवार को कैश जमा किया जाना था, लेकिन बैंक का सर्वर खराब होने के कारण कैश जमा नहीं हो सका।