मतदान के लिए कड़ी चौकसी के दावों को धता बताते हुए बदमाशों ने देहरादून की चकराता रोड पर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया।
लैपटॉप शोरूम का शटर काटकर 11 लाख रुपए की नकदी और 120 लैपटॉप चोरी कर लिए गए।
शोरूम के बाहर सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध काली सफारी गाड़ी कई बार घटनास्थल पर आती-जाती दिखाई दे रही है।
आशंका जताई जा रही कि बदमाश इसी गाड़ी में थे। चकराता रोड पर कैपरी ट्रेंड सेंटर के बाहर दत्ता एन्कलेव निवासी महेंद्र सिंह राजपूत का कॉप कैफे के नाम से लैपटॉप का शोरूम है।
मंगलवार रात करीब दो बजे की घटना
मंगलवार रात करीब दो बजे बदमाशों ने शोरूम के शटर को काटकर अंदर प्रवेश कर लिया। बदमाशों ने शोरूम के कैश बौक्स का ताला तोड़ा और उसमें रखे 11 लाख रुपए साफ कर दिए।
इसके बाद करीब 120 लैपटॉप भी उठा लिए। जाहिर है कि इतने लैपटॉप को किसी वाहन में ही ले जाया गया। सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे में काले रंग की सफारी गाड़ी बार-बार नजर आ रही है।
रात करीब ढाई बजे शटर कटा देखा चौकीदार ने पड़ोस में रहने वाले संजय को आवाज देकर जगा दिया। कुछ देर बाद पुलिस के साथ शोरूम मालिक राजपूत भी वहां पहुंचे।
राजपूत की मानें तो बदमाश नकदी समेत 50 लाख रुपए का माल ले गए हैं। सुबह होते ही शोरूम पर व्यापारियों का तांता लग गया। उन्होंने शहर में बढ़ती वारदातों पर कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षक एसएस बिष्ट का कहना है कि शटर को कटर से काटा गया है। फुटेज के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है।
सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए
शोरूम का शटर काटने से पहले बदमाशों ने पड़ोस में रहने वाले संजय के घर के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए थे।
चौकीदार की आवाज पर उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की तो इस बात का पता चला। चौकीदार ने ही उनके घर के दरवाजे खोले।
राजपूत की मानें तो सबसे पहले काली सफारी सफारी रात 11 बजे गली में खड़ी दिखाई दी थी। शक होने पर उन्होंने चालक से पूछताछ की तो वह गाड़ी लेकर चलता बना।
बदमाशों ने वारदात से पहले शोरूम की पूरी रेकी की थी। शोरूम में घुसने से पहले बदमाशों ने अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर निकाल लिया, ताकि उनकी करतूत कैद न हो सके।
जाते समय डीवीआर (डिजिटल विडियो रिकार्डर) अपने साथ ले गए। इसीलिए इस कैमरे में कुछ कैद नहीं हो पाया। सीसीटीवी की फुटैज इसी डीवीआर में स्टोर होती हैं।
हालांकि, सड़क पर लगे कैमरे की जानकारी उन्हें थी, जिसमें गाड़ी की तस्वीरें कैद हुई हैं।
वारदात के समय गुजरी पुलिस जीप
वारदात के समय घटनास्थल के पास से पुलिस पेट्रोलिंग कार भी गुजरी थी, लेकिन उन्हें इसकी भनक नहीं लग पाई।
मतदान के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा का दावा किया गया था। लेकिन, बदमाशों की गाड़ी किसी भी प्वाइंट पर पकड़ में नहीं आई।
तीसरी आंख में क्या हुआ कैद
रात 2:07 बजे : काली रंग की सफारी गाड़ी आई
2:11 बजे : पुलिस पेट्रोलिंग जीप गुजरी
2:12 बजे : सफारी गाड़ी फिर लौट गई
2:17 बजे : फिर घूमती नजर आई सफारी
2:28 बजे : शोरूम के पास खड़ी सफारी
2:48 बजे : मोबाइल की लाइट जली, कार लौटी
नोट-सफारी गाड़ी के नंबर के रूप में सिर्फ एचआर दिख रहा है।
शोरू में घुसे थे दो बदमाश
शोरूम के अंदर दो बदमाशों के फुट प्रिंट उठाए गए हैं। दरअसल शाम को बारिश हुई थी। प्रतिष्ठान बंद करते समय कर्मचारी ने गीला पायदान अंदर रख दिया था।
बदमाश अंदर घुसे तो उनके जूते गीले हो गए। एक ने बदमाश जूते पहने थे, जबकि दूसरा नंगे पांव था। इसी आधार पर दो बदमाशों के अंदर आने की आशंका जताई जा रही है।