इस बीच बिड़ला परिसर के छात्र व विवि के कर्मचारी डीएवी के छात्रों से भिड़ गए। दोनों गुटों में लात-घूंसे चलने शुरू हो गए। डीएवी के छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। जिन दो वाहनों में डीएवी के छात्र विवि गए थे, उनमें भी तोड़फोड़ की गई।
विवि प्रशासन ने मामले में डीएवी कालेज छात्रसंघ अध्यक्ष जितेंद्र बिष्ट और सचिव शूरवीर सिंह चौहान समेत 100 अज्ञात छात्रों के खिलाफ श्रीनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। विवि के कुलसचिव डा. एके झा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, कर्मचारियों के साथ मारपीट आदि गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
गढ़वाल विश्वविद्यालय की ओर से तमाम कोर्स के रिजल्ट अभी तक जारी नहीं किए गए हैं। जो रिजल्ट जारी हुए हैं, उनकी मार्कशीट में बड़े पैमाने पर गलतियां सामने आ रही हैं। जब किसी ने नहीं सुनी तो डीएवी के छात्रसंघ पदाधिकारी गढ़वाल विवि ही पहुंच गए।