हरकी पैड़ी पुलिस ने हत्या के मामले में गाजियाबाद से फरार एक कांवड़िए को गिरफ्तार किया है। उसे गाजियाबाद पुलिस की सूचना पर हरकी पैड़ी स्थित घंटाघर के पास से दबोचा गया।
नगर कोतवाल महेश चंद्र जोशी ने बताया कि शामली के पुहाना गांव निवासी कंडक्टर कपिल मलिक की 24 जुलाई को गाजियाबाद के लोनी स्थित जवाहरनगर निवासी गंगाराम के घर पर हत्या कर दी गई थी। हत्या का कारण चार वर्ष पूर्व कपिल और उसके साथी सोनू के बीच हुआ झगड़ा बना था। उस समय कपिल ने सोनू को गोली मारी थी।
इस घटना में सोनू बच गया था। इसके बाद उसकी कपिल से रंजिश चली आ रही थी। दोनों में कई बार झगड़ा भी होता रहा। इसी रंजिश के चलते 24 जुलाई को सोनू के साथ गंगाराम ने कपिल मलिक को अपने जवाहरनगर स्थित घर पर बुलाकर शराब पिलाई। उसके बाद सोनू, गंगाराम और उसकी पत्नी सुमन तीनों ने चाकू से कपिल की हत्या कर दी और शव पास ही फेंक दिया। वारदात का खुलासा होने पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापे मारे।
सोनू और गंगाराम हत्थे नहीं चढ़े
इस दौरान सुमन हाथ लग गई लेकिन सोनू और गंगाराम हत्थे नहीं चढ़े। बाद में गंगाराम की पत्नी सुमन ने पुलिस को बताया कि गंगाराम कांवड़ लेने हरिद्वार गया है। गाजियाबाद पुलिस ने हरिद्वार पुलिस को इस संबंध में सूचना दी। आखिर हरकी पैड़ी पुलिस ने गंगाराम को हरकी पैड़ी से धर दबोचा।
शाम को आरोपी को गाजियाबाद पुलिस को सौंप दिया गया। गाजियाबाद पुलिस के एसआई धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्व में भी आरोपी गंगाराम पर लूट और हत्या के मुकदमे चल रहे हैं और वह जेल भी जा चुका है।
खबर पर राय देने के लिए यहां क्लिक करें