देहरादून के क्लेमेंटटाउन से अगवा प्रापर्टी डीलर विपुल त्यागी की हत्या कर लाश गढ़मुक्तेश्वर यूपी में जला दी गई।
गुरुवार की देर शाम धरे गए दो आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में यह खुलासा किया है। दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम दिल्ली गई है। क्लेमेंटटाउन के सुभाष नगर में रहने वाले मुजफ्फरनगर के घुमावटी निवासी प्रॉपर्टी डीलर विपुल त्यागी का आठ दिन पहले अपहरण हो गया था।
शुरुआती दौर में पुलिस मामले को हल्के में लेती रही, लेकिन परिजनों के दबाव के चलते दो दिन पहले पुलिस हरकत में आई। एसपी सिटी अजय सिंह भी पुलिस टीम लेकर निकल गए। हरिद्वार के अलावा मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और मेरठ में दिनभर पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश देती रही।
पुलिस के अनुसार देर शाम दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पूछताछ में उन्होंने पैसों के विवाद में विपुल त्यागी की हत्या की बात कबूल की है।
साथ ही बताया कि उन्होंने हत्या के बाद प्रापर्टी डीलर विपुल त्यागी की लाश को गढ़मुक्तेश्वर यूपी में जला दिया है। एसएसपी पुष्पक ज्योति का कहना है कि पूछताछ के आधार पर दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम दिल्ली गई है।