देहरादून के चंद्रबनी में राह चलते एक युवती के मुंह में जबरन शराब उड़ेलने और विरोध पर बहन से अभद्रता की घटना से हड़कंप मच गया।
नशे में होने के कारण युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी बीच आरोपी युवक ने अपने परिजनों के साथ चौकी पहुंचकर दूसरे पक्ष पर हमले का आरोप लगाया।
पुलिस ने मेडिकल के बाद युवक को हिरासत में ले लिया है। दो संप्रदाय से जुडे़ इस मामले में पुलिस फूंक-फूंककर कदम रख रही है।
जबरन शराब पिलाने और किडनैप करने का प्रयास
पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के चंद्रबनी क्षेत्र में एक युवती को जबरन शराब पिलाने और उठाने के प्रयास की घटना की खबर से पुलिस में अफरातफरी मच गई।
आईएसबीटी चौकी पहुंचे लोगों ने पुलिस को बताया कि दो बहनें रात के समय पैदल अपने घर जा रही थीं। इसी बीच वहां अविनाश अपने तीन साथियों के साथ आ धमका।
आरोप लगाया कि इन युवकों ने बड़ी बहन के हाथ पकड़कर उसके मुंह में जबरन शराब का पव्वा उलट दिया। विरोध करने पर छोटी बहन के साथ अभद्रता की गई।
इसके बाद युवती को जबरन कार में उठाकर ले जाने का प्रयास किया गया। छोटी बहन चिल्लाई तो आरोपी उसे छोड़कर भाग गए।
पुलिस ने दोनों पक्षों का कराया मेडिकल
पुलिस उनकी बात सुन रही थी कि अविनाश भी अपने परिजनों को लेकर आईएसबीटी चौकी पहुंच गया।
अविनाश का कहना था कि दोनों बहनें अपने भाई के साथ जा रही थी। वह उधर से गुजरा तो हमला कर उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल कराया।
नशे में होने के कारण युवती को फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
युवक हिरासत में मुकदमा दर्ज के निर्देश
एसपी सिटी अजय सिंह ने बताया कि मामला गंभीर है। युवक को ज्यादा चोट नहीं आई है। फिलहाल उसे हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। युवती के होश में आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों के आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी।
पुरानी प्रेम-कहानी बनी गले की फांस
चंद्रबनी की यह पुरानी प्रेम-कहानी पुलिस के गले की फांस बन गई है। चुनाव से ठीक पहले अप्रैल में यह मामला उछला था।
उस समय प्रेमी को शांति भंग में जेल भेज दिया गया था। दोनों पक्षों में सुलह भी करा दी गई थी। तकरार के नए इस विवाद ने पुलिस की मुश्किल बढ़ा दी है।