हरिद्वार के सिडकुल में काम करने वाली एक किशोरी ने मंगलवार रात कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वह मूल रूप से मुरादाबाद की रहने वाली थी और रावली महदूद में अपने परिजनों के साथ रहती थी।
जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। रानीपुर कोतवाल महेश चंद्र जोशी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11.30 बजे रावली महदूद कालोनी निवासी किशोरी ने कमरा बंद कर पंखे से फांसी लगाई।
शादी करना चाहती थी युवती
उसके माता, पिता भी सिडकुल में अलग-अलग कंपनियों में काम करते हैं। परिवार कुछ महीने पहले पृथ्वीगंज, थाना कांठ, जिला मुरादाबाद से हरिद्वार आया था। तीनों नौकरी कर परिवार की गुजर बसर कर रहे थे।
जांच में यह बात सामने आई है कि किशोरी अपने गांव में ही रहने वाले एक युवक से प्रेम करती थी और उससे शादी करना चाहती थी लेकिन, परिजन इसका विरोध कर रहे थे।
संभावना जताई जा रही है कि इसी के चलते उसने आत्महत्या की होगी। फिलहाल पुलिस पूरे मसले की जांच कर रही है।