हत्या और चौथ के मामले में चमोली जेल में बंद कुख्यात प्रवीण वाल्मीकि को रुड़की जेल में शिफ्ट किया गया है। कुख्यात को कड़ी सुरक्षा के बीच बृहस्पतिवार को रुड़की कोर्ट में पेशी पर लाया जाएगा। इसके बाद उसे वापस चमोली जेल में शिफ्ट किया जाएगा। वहीं, प्रवीण वाल्मीकि के रुड़की जेल में होने पर पुलिस सतर्क है। पुलिस अधिकारी जेल प्रशासन से वाल्मीकि के बारे में पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।
चमोली जेल में बंद कुख्यात प्रवीण वाल्मीकि पर गंगनहर कोतवाली में हत्या और चौथ के कई मामले दर्ज हैं। जेल में रहते हुए ही वाल्मीकि ने 25 जनवरी 2016 में सफाई नायक बसंत की सुपारी देकर हत्या करा दी थी। पुलिस ने इस मामले में पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने पूछताछ में बताया था कि प्रवीण वाल्मीकि से उनकी हरिद्वार जेल में मुलाकात हुई थी। जेल में वाल्मीकि ने उन्हें बसंत की हत्या की सुपारी दी थी। इसके बाद कुख्यात ने जेल में ही रहते हुए डेयरी संचालक से दस लाख की चौथ मांगी थी। साथ ही एक कारोबारी से 50 लाख रुपये की चौथ मांगी थी। कुख्यात ने जेल में ही रहते हुए रुड़की के कई कारोबारी से चौथ मांगी थी।
हत्या और चौथ के अधिकतर मामले रुड़की कोर्ट में चल रहे हैं। इन्हीं मामलों को लेकर मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस चमोली जेल से कुख्यात को लेकर रुड़की कोर्ट में पेशी पर पहुंची थी। इसके बाद प्रवीण वाल्मीकि को रुड़की जेल में शिफ्ट किया गया। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि एक मामले में प्रवीण की मंगलवार को कोर्ट में पेशी हुई। दूसरे मामले में बृहस्पतिवार को भी उसकी पेशी है। लिहाजा उसे रुड़की जेल में शिफ्ट किया गया है। बृहस्पतिवार को पेशी के बाद वापस उसे चमोली जेल भेजा जाएगा।
जेल में रही कड़ी सुरक्षा
कुख्यात प्रवीण वाल्मीकि को रुड़की जेल में शिफ्ट करने के बाद उसकी सुरक्षा के लिए जेल के अंदर कड़े सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। बताया जा रहा है कि इस सुरक्षा की वजह पहले से ही रुड़की जेल में बंद कुख्यात चीनू पंडित है। प्रवीण वाल्मीकि को सुनील राठी का खास माना जाता है। चीनू और सुनील राठी एक-दूसरे की जान के दुश्मन हैं। लिहाजा चीनू और प्रवीण भी एक-दूसरे से रंजिश रखते हैं।