देहरादून जनपद के तहसील चौक के पास सोमवार सुबह दो लाख रुपये का लालच देकर दो ठगों ने एक महिला से सोने के कुंडल व चेन ठग ली। ठगी की शिकार महिला ने कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
एसपी सिटी के मुताबिक डोईवाला निवासी सविता (40 वर्ष) तहसील चौक के पास सुबह करीब साढ़े नौ बजे बस से उतरी। सविता ने गले में सोने की चेन और कान में कुंडल पहने थे। दो युवक सविता के पास आए। युवकों ने उसे दो हजार के नोटों की गड्डी दिखाई। गड्डी रुमाल में लपेटी थी।
युवकों ने कहा कि उन्हें अपनी प्रेमिका को सोने की चेन और कुंडल गिफ्ट करने हैं। उनके पास दो लाख रुपये भी है। ज्वैलर्स बगैर पहचान पत्र के उन्हें चेन और कुंडल नहीं दे रहा है। युवकों की बात सुनकर सविता झांसे में आ गई। उसने कुंडल और चेन उतारकर युवकों को दे दिए।