खेल-खेल में सोमवार की शाम बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद मंगलवार की सुबह लक्सर का गढ़ी संघीपुर गांव गोलियां की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। एक पक्ष की ओर से लगातार फायरिंग के बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी फायरिंग की गई।
विज्ञापन
दोनों पक्षों के बीच चली फायरिंग में गांव के एक युवक की मौत हो गई, जबकि आठ से अधिक लोग जख्मी हो गए। इसमें कई की हालत गंभीर है, जिन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद से गांव में तनाव बना हुआ है।
पचास राउंड से अधिक गोलियां चलीं
संघीपुर गांव में दो पक्षों में संघर्ष
- फोटो : AmarUjala
लक्सर क्षेत्र के गढ़ी संघीपुर निवासी मुस्तकीम और मुर्तजा के बच्चों के बीच खेल-खेल में विवाद हो गया। सोमवार की शाम हुए विवाद के बाद लोगों के हस्तक्षेप पर मामला शांत हो गया था, लेकिन मंगलवार की सुबह मुर्तजा पक्ष के कुछ लोग मुस्तकीम के घर पर हथियारों से लैस होकर आ धमके।
इसके बाद उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। दूसरे पक्ष की ओर से भी फायरिंग की गई। देखते ही देखते पूरा गांव गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। दोनों तरफ से 50 राउंड से भी अधिक गोलियां चलाई गईं।
एक युवक की मौत, आठ से अधिक हुए घायल
संघर्ष के बाद अस्पताल पहुंचे घायलों और मृतकों के परिजन
- फोटो : sanghipur village
इसी बीच गांव के ही अखलाक-27 पुत्र रफाकत को गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा नाजिम-22 पुत्र विसारत, विसारत-44 पुत्र नूर मोहम्मद, जावेद-23 पुत्र आकिल, मुस्तकीम पुत्र महमूद, सनव्वर पुत्र मुस्तफा, सरफराज पुत्र सुलेमान, तस्लीम पुत्र उमरा सहित कई अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया।
गोली लगने से जख्मी हुए नाजिम, विसारत और जावेद को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की लाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
फायरिंग के बाद पुलिस ने घरों में तलाशी ली।
- फोटो : AmarUjala
गांव में गोलीबारी की सूचना पर लक्सर कोतवाली के अलावा एसपी देहात प्रमेंद्र डोभाल, सीओ रुड़की स्वप्र किशोर सिंह, सीओ मंगलौर, सीओ लक्सर सहित आसपास के सभी थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। हालात पर काबू पाने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात है।