फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अस्पताल गया था पूरा परिवार, चोरों ने घर से उड़ा लिए लाखों

Sun, 27 Aug 2017 01:41 PM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
theft - फोटो : amarujala
विज्ञापन
देहरादून की पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में चंद्रबनी ग्रामसभा के धारावाली गांव में चोरों ने दिन दहाड़े एक ठेकेदार के घर में सेंधमारी कर ली। घर में ताला लगाकर परिवारजन अस्पताल गए थे। लौटने पर घर के ताले टूटे और सारा सामान अस्त-व्यस्त मिला। चोरों ने डुप्लीकेट चाभी से सेफ खोलकर 50 हजार की नगदी और करीब पांच लाख के जेवरात उड़ा लिए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विज्ञापन

 
पुलिस के मुताबिक धारावाली में बलराज पुत्र बद्री प्रसाद सपरिवार रहते हैं। बलराज ठेकेदारी और पिता की दुकान है। बलराज की मां लीला देवी का स्वास्थ्य खराब है। शनिवार दोपहर करीब सवा बारह बजे बलराज मां लीला देवी को डॉक्टर के पास दिखाने आस्था हॉस्पिटल गए। पिता बद्री प्रसाद भी साथ में अस्पताल गए थे। बलराज की पत्नी दो छोटे बच्चों को लेकर रिश्तेदार सीमा के घर धारावाली में ही चली गई।

बलराज के मुताबिक अस्पताल में मां को दिखाकर करीब चार बजे खाली हुए। वहां से सीधे बहन सीमा के घर चले गए। वहां से अपने बच्चे भी लेने थे। शाम करीब छह बजे परिवार के सभी सदस्य अपने घर पहुंचे। मुख्‍य गेट और दरवाजे के ताले टूटे थे। अंदर सामान बिखरा और सेफ खुला देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
विज्ञापन


बलराज के मुताबिक सेफ में 50 हजार की नगदी और करीब पांच लाख के जेवरात थे। जेवरात में मां और पत्नी के गले का मंगलसूत्र, हार, कंगन शामिल हैं। इनके अलावा दो सोने की चेन और दो अंगुठियां भी हैं। चांदी के आभूषण भी चोरी हैं। बलराज के मुताबिक सेफ को डुप्लीकेट चाभी से खोला गया है। चोर जल्दबाजी में चाभी भी सेफ में ही लगी छोड़कर गए हैं। कंट्रोल रूम में सूचना पर पटेल नगर कोतवाली पुलिस पहुंची और तहरीर पर पुलिस ने रविवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है। 
 
पड़ोसी गए थे मंदिर 
सेंधमारी करने वाले बलराज और आसपास के घरों की पूरी जानकारी जानते थे। चोरों का पता था कि बलराज के मां की तबीयत खराब है और उसे दिखाने अस्पताल गए हैं। बलराज के पड़ोसी भी दोपहर में मंदिर गए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने दिन दहाड़े घर में हाथ साफ कर लिया। 

पुलिस के मुताबिक आसपास क्षेत्र में कहीं भी सीसी कैमरे नहीं लगे हैं। पुलिस ने पूर्व में चोरी के आरोप में पकड़े जा चुके लोगों एवं संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। हालांकि, पुलिस को अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। 
 
ग्रामीणों में आक्रोश, मिलेंगे एसएसपी से 
पूर्व ब्लाक प्रमुख विपिन कुमार और ग्राम प्रधान राखी के मुताबिक पिछले छह महीने में ग्रामसभा क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक घरों में चोरी हो चुकी है। सभी चोरियां दिन दहाड़े हुई हैं। इससे लोगों में आक्रोश है। पूर्व प्रमुख ने बताया कि सोमवार को ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी निवेदिता कुकरेती से मिलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें