फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फर्जी IAS मामला: 'एकेडमी के उपनिदेशक ही हैं सूत्रधार'

Tue, 07 Apr 2015 05:23 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मसूरी
विज्ञापन
विज्ञापन
दो दिन पूर्व अदालत में पलट चुकी रूबी ने सोमवार को सीजेएम अदालत में पेशी के दौरान एक बार फिर आईएएस अकादमी के उपनिदेशक सौरभ जैन पर आरोपों की झड़ी लगा दी। फर्जी आईएएस मामले का पूरा सूत्रधार जैन को बताते हुए रूबी ने कहा कि जैन ने ही उसे फर्जी आई कार्ड बनाकर दिया था।
विज्ञापन


यही नहीं, रूबी के मुताबिक सौरभ जैन ने ही उसके लिए प्रशिक्षु आईएएस की यूनिफार्म भी सिलवाई थी। इस दौरान रूबी ने जैन के खिलाफ मुकदमा दर्र्ज करने की मांग करते हुए पुलिस पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप भी लगाया।

फर्जी आईएएस प्रकरण के खुलासे के बाद अकादमी के उपनिदेशक सौरभ जैन पर नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाने वाली रूबी चौधरी दो दिन बाद अदालत में पेशी के दौरान पलट गई थी। फर्जी आईकार्ड बनाने समेत सभी आरोप उसने खुद कबूल लिए थे।
विज्ञापन


इससे रूबी पर दबाव होने और मामले की लीपापोती की कोशिशों की आशंका बढ़ गई थी। सोमवार दोपहर एक बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी में रूबी को मसूरी स्थित सीजेएम कैंप कोर्ट में पेश किया गया। एसआईटी ने अदालत में रूबी की 15 दिन की रिमांड के लिए प्रार्थनापत्र दिया।

उपनिदेशक को कोर्ट में लाने की मांग

दस मिनट तक हुए सवाल-जवाब के दौरान रूबी ने एक बार फिर जैन पर आरोप लगाए। रूबी ने बताया कि सौरभ जैन से उसकी मुलाकात दिल्ली में हुई थी।

बताया कि जैन के कहने पर ही वह अकादमी में आई, जहां उसे फर्जी आईकार्ड मुहैया कराया गया। रूबी ने अदालत में यह भी कहा कि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के अकादमी आने पर जैन ने ही रूबी को फोटो खिंचवाने के लिए कहा था।

इस दौरान जज के सामने रूबी ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। कहा कि उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही। पुलिस-प्रशासन उसे फंसाना चाहते हैं। रूबी का कहना था कि सौरभ जैन से कोई पूछताछ नहीं की जा रही है। उसने जैन को भी अदालत में लाए जाने की मांग भी की।

सीजेएम राजीव कुमार ने एसआईटी प्रभारी शाहजहां जावेद खान से भी कुछ सवाल कर मामले की जांच की जानकारी ली। लंच के बाद अदालत ने एसआईटी को रूबी की चार दिन की रिमांड दे दी।

कैमरा देखते ही बोली, 'सौरभ जैन से मांगिए जवाब'

रूबी के कोर्ट परिसर पहुंचते ही मीडियाकर्मियों ने उसे घेर लिया। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने उसके चारों ओर घेरा बना लिया था। कोर्ट की सीढ़ियों पर चढ़ी रूबी ने मुड़कर मीडियाकर्मियों के सवालों का जवाब देने की कोशिश की, लेकिन एक पुलिसकर्मी ने उसे धक्का देकर आगे चलने को कहा।

अचानक लगे धक्के से रूबी सीढ़ियों पर संतुलन खोकर गिरने लगी। साथ चल रही महिला जवान ने उसे संभाला। बौखलाई रूबी ने इस पर नाराजगी जताई। उसने कहा कि पुलिस-प्रशासन सब सौरभ जैन से मिले हुए हैं।

उसने मीडियाकर्मियों से कहा कि वे सौरभ जैन से भी इस मामले पर जवाब मांगें। वापस लौटते वक्त भी पुलिस ने पूरी कोशिश की कि रूबी की मीडिया से बात न हो सके। हालांकि, रूबी ने कहा कि उसे मामले में झूठा फंसाया जा रहा है।
विज्ञापन

परिजन बोले, 'रूबी को मोहरा बनाया गया'

सोमवार को रूबी के पिता सतवीर सिंह, मामा अजय पंवार, चाचा और कुछ अन्य परिजन भी मसूरी पहुंच गए थे। रूबी के कोर्ट में आने के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान परिजन पीछे से कहते रहे, ‘रूबी सब सच-सच बताना।’ बाद में रूबी के पिता सतवीर सिंह मीडिया के सामने नहीं आए।

मामा अजय पंवार ने पुलिस और एसआईटी पर रूबी की पिटाई का आरोप लगाया। उसे मोहरा बनाया गया है। कहा कि मामले में सीबीआई जांच होनी चाहिए। अजय ने कहा कि वह इस मामले को राष्ट्रपति तक ले जाएंगे।

उधर, रूबी के वकील राजीव रतूड़ी ने कहा कि पुलिस और एसआईटी अदालत में रूबी के खिलाफ कोई सबूत पेश नहीं कर सकी। कहा कि रूबी की रिमांड गलत है, लेकिन वह न्यायालय का सम्मान करते हैं। हालांकि उनके विरोध के बाद इसे 15 के बजाय चार दिन किया गया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें