सीबीआई ने केन्द्रीय उत्पाद, सीमा शुल्क एवं सेवा कर विभाग के सहायक कमिश्नर एके मिश्रा को रुद्रपुर के उद्यमी से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। यह रकम सर्विस टैक्स के छापे के निस्तारण के बदले मांगी गई थी।
सीबीआई ने गिरफ्तार मिश्रा के दून स्थित आवास के अलावा तीन अन्य परिचितों के यहां छापेमारी की, जहां देर रात तक कार्रवाई चलती रही। सीबीआई ने तीन दिन में दूसरे अधिकारी को घूसकांड में पकड़ा है।
रुद्रपुर के उद्यमी अनिल कुमार यादव ने बृहस्पतिवार को सीबीआई के डिप्टी एसपी अखिल कौशिक से मिलकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके प्रतिष्ठान में कई माह पहले सर्विस टैक्स की छापेमारी हुई थी। अनियमितताएं बताकर सेटलमेंट के नाम पर कस्टम एवं एक्साइज विभाग के सहायक कमिश्नर अनिल कुमार मिश्रा द्वारा 10 लाख रुपये की मांग की जा रही है।
अफसर के ठिकानों पर देर रात तक चलती रही छापेमारी
डिप्टी एसपी ने जांच में आरोप की पुष्टि होने के बाद इंस्पेक्टर अनिल चंदोला, तेजप्रकाश, आरपी शर्मा, एसएस मुयाल और सुनीत शर्मा को कार्रवाई की जिम्मेदारी दी। सीबीआई टीम ने शुक्रवार शाम छह बजे के करीब रिस्पना पुल के पास स्थित आफिस में छापा मारकर सहायक कमिश्नर एके मिश्रा को रुद्रपुर के उद्यमी अनिल यादव से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया।
ऑफिस के बंद कमरे में पूछताछ करने के साथ कई पत्रावली कब्जे में ली गई। सीबीआई टीम ने एके मिश्रा के जाखन स्थित आवास पहुंचकर तलाशी कराई। इसके अलावा तीन अन्य परिचितों के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई। सीबीआई के डिप्टी एसपी अखिल कौशिक ने कहा कि कार्रवाई चल रही है, अभी बरामदगी के बारे में कुछ भी बताना मुमकिन नहीं है।