उत्तराखंड के डीजीपी बीएस सिद्धू ने देहरादून में एक संदिग्ध के घुसे होने की जानकारी दी है। एक संदिग्ध की फोटो के साथ अब पुलिस द्वारा एक वीडियो भी जारी किया गया है। इस वीडियो आठ संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं।
25 जनवरी की रात दिखाई दिए गए इन संदिग्धों के बारे में फिलहाल पुलिस के हाथ खाली हैं। डीजीपी ने जानकारी देते हुए कहा कि आठ लोगों के समूह में से एक संदिग्ध राजधानी देहरादून में घुस आया है।
माना जा रहा है कि यह दून में वारदात करने आया है। डीजीपी ने इस संदिग्ध का फोटो जारी कर लोगों से मदद मांगी है। डीजीपी ने जनता से अपील की है कि संदिग्ध को देखते ही तुरंत पुलिस को सूचित करें।
गौरतलब है कि रुड़की के लंढौरा क्षेत्र से आतंकी साजिश में चार युवकों के पकड़े जाने के बाद प्रदेश में आतंकी गतिविधियों पर पुलिस सख्त नजर रख रही है। इसके चलते पुलिस ने शहर के अंदर सीसीटीवी में संदिग्ध स्थिति में कुछ लोगों के देखे जाने पर देर रात पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। अभी तक संदिग्ध के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।