ताबड़तोड़ चोरी की वारदातों से बेहाल दून पुलिस के लिए मंगलवार को दिन ‘मंगलदायक’ रहा। मुखबिर की सूचना पर राजपुर और पटेलनगर पुलिस ने कुल सात चोरों को गिरफ्तार कर पांच वारदातों का खुलासा किया। यह घटनाएं बीती आठ और 24 अगस्त को हुई थीं। पुलिस ने आरोपियों से चोरी हुआ सामान भी बरामद किया है।
कैनाल रोड पर किराए का कमरा लेकर रहने वाले राहुल त्रिवेद्वी और योगेंद्र जैन के कमरे से 24 अगस्त सुबह दो लैपटॉप चोरी हो गए थे। इसी दिन इसी दिन पैसिफिक मॉल के पास स्थित ट्रांसपोर्ट कारोबारी की पत्नी निशा सेठी के मकान से टॉयलेट का शीशा तोड़ चोर आठ हजार रुपए उड़ा ले गए।
एक ही दिन में तीन वारदातों से हलकान पुलिस ने छानबीन शुरू की तो पता लगा कि वारदातें बिजनौर से जुड़े चोरों ने की है। इसके बाद राजपुर पुलिस ने आईटी पार्क के पास स्थित कृषाली चौक से पांच संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
शिकार खोजने के अजब तरीके
निशानदेही पर पुलिस ने तीनों जगह से चोरी सामान बरामद कर लिया। एसओ राजपुर राजेश शाह ने बताया कि गिरफ्तार चोर मोहम्मद शाकिर पुत्र शाबिर, मोहम्मद वकील पुत्र तौकीर और तारिक पुत्र ताहिर लुकानपुर थाना कीरतपुर और आलमगीर पुत्र कादिर और शालू थाना कीरतपुर जिला बिजनौर के रहने वाले हैं।
शाह के मुताबिक चोरों से चोरी के दो लैपटॉप, एक मोबाइल फोन और 5300 रुपए कैश मिले हैं। पुलिस आरोपियों को मंगलवार कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी नोएडा से भी चोरी के आरोप में जेल जा चुके हैं।
राजपुर पुलिस की पूछताछ में चोरों ने बताया कि वे छात्रों को अपना निशाना बनाते हैं। एक ने बताया कि वह कॉलेजों के आसपास के क्षेत्र में घूमकर यूं ही किसी का नाम पूछ लेते हैं। आम तौर पर लोग ऐसे छात्रों से वाकिफ न होने पर ऐसे घरों का पता बता देते हैं, जहां छात्र रहते हैं। इसके बाद वह दरवाजा खोलकर सोने वाले छात्रों के कमरों में वारदात कर चंपत हो जाते हैं। इस दौरान रेकी कर वे बंद घरों को भी निशाना बनाते हैं।
सामान के साथ धरे गए दो चोर
बीती आठ अगस्त को ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र की दो दुकानों में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पुलिस ने कुछ सामान भी बरामद किया है।
आठ अगस्त को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित दो दुकानों का शटर काटकर चोर कीमती सामान चुरा ले गए थे। इंस्पेक्टर पटेलनगर पंकज गैरोला ने बताया मुखबिर की सूचना के बाद मंगलवार सुबह बाईपास पेट्रोल पंप के पास से दो चोर पकड़े गए।
इनसे ट्रांसपोर्ट नगर स्थित दुकानों से चुराई नल की टोटियां समेत दस हजार रुपए नकदी बरामद की गई है। चोरों की पहचान गोलू (22) और रवि (21) निवासी पांवटा (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई। दोनों चोर पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुके हैं।