बागेश्वर के कांडा क्षेत्र स्थित भेटा गांव में एक शिक्षक ने कहासुनी के बाद दरांती से दलित युवक की गला काटकर हत्या कर दी। आरोपी शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके खिलाफ 302/506 आईपीसी व एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार शाम लगभग 5.30 बजे सानीउडियार क्षेत्र के भेटा गांव निवासी सोहन राम (35) पुत्र फकीर राम गेहूं पिसाने कुंदन सिंह भंडारी की चक्की में गया था। उसी वक्त चक्की में पहुंचे शिक्षक ललित कर्नाटक ने सोहन राम से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया तो दोनों में कहासुनी हो गई।