महज 60 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक ठेकेदार ने भुट्टा विक्रेता को गोली मारकर घायल कर दिया। बाद में ठेकेदार ने लाइसेंसी रिवाल्वर से अपनी कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के वक्त ठेकेदार नशे में धुत्त था।
पुलिस के मुताबिक देहरादून के डालनवाला क्षेत्र के नया गांव मोहिनी रोड निवासी संजीव जयसवाल एमडीडीए के ठेके लेने का काम करता था। सोमवार रात वह मोहिनी रोड पर जोगेंदर के ठेले पर भुट्टा खरीदने गया था। भुट्टा लेते समय 60 रुपये के लेनदेन के एक पुराने विवाद पर उनके बीच गरमा-गरमी हो गई।
विवाद बढ़ने पर संजीव ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर जोगेंदर पर फायर झोंक दिया। गोली जोगेंदर के हाथ पर लगी। गोली चलते ही वहां हड़कंप मच गया। संजीव उस समय वहां से चला गया।
वापस आकर फिर से मारी गोली
killing in dalanwala
- फोटो : AmarUjala
बताया जा रहा है कि कुछ देर में वह वापस लौटा और जोगेंदर पर दोबारा फायर किया। गोली लगते ही जोगेंदर समेत आस-पास के लोग वहां से भाग गए। इसके बाद संजीव ने कनपटी से सटाकर खुद को भी गोली मार ली।
लहूलुहान हालत में आराघर चौकी प्रभारी महिपाल रावत ठेकेदार संजीव को लेकर कोरोनेशन पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जबकि गोली लगने से घायल भुट्टा विक्रेता जोगेंदर को सीएमआई अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फायरिंग की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. सदानंद दाते और एसपी सिटी अजय सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों के बीच पहले भी विवाद की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस सभी तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।