बीते शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थिति में एक कार में मृत अवस्था में मिले बालक की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई। यह खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।
उत्तराखंड की राजधानी के समीप मारखमग्रांट राजीवनगर से बीते शुक्रवार को लापता चल रहे साबीर के सात वर्षीय पुत्र पुन्नू का शव बस्ती के एक मकान में खड़ी कार से बरामद हुआ था।
दुष्कर्म के बाद दबाया गला
पुलिस ने मामले में मकान स्वामी समेत दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। मंगलवार को पीएम रिपोर्ट सामने आने के बाद तस्वीर साफ हो गई।
रिपोर्ट के अनुसार, बालक से दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। बहरहाल, पुलिस ने मामले के विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल शुरू कर दी है। फोरेंसिक जांच पर भी गौर किया जा रहा है। मामले में पुलिस पहले से ही हत्या की आशंका जता रही थी।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश त्यागी ने बताया कि बालक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म और गला दबाने से हत्या की पुष्टि हुई है। उन्होंने जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है।