प्रेम-प्रसंग को चलते राजधानी दून में युवती के परिजनों ने प्रेमी घर में घुसकर उसकी पिटाई कर दी। लहूलुहान हालत में उसे अस्पताल भर्ती कराया गया। सिर में गंभीर चोट की वजह से उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। उधर, गुस्साए युवक के परिजनों ने युवती के पिता को त्यागी रोड पर पिटाई कर उठाने का प्रयास किया। बाद में पुलिस ने जैसे-तैसे उन्हें बचाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल की दुकान चलाने वाले आमिर का दूसरे समुदाय की लड़की से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। बुधवार रात आमिर अपनी मामी के आवास पर था। उस मकान में दो और किराएदार रहते हैं। देर रात लड़की पक्ष के लोग छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए आमिर के घर में घुस गए। आमिर के कमरे से बाहर न निकलने पर काफी देर तक दरवाजा पीटा।
जब वह बाहर नहीं निकला तो खिड़की तोड़कर उसे बाहर निकाला और लाठियों से पिटाई कर दी। आसपास के लोगों ने बीच में आने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी धमका दिया। हालत बिगड़ने पर आरोपी पक्ष ने 100 नंबर पर सूचना देकर पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, लड़की पक्ष मकान पर ताला लगाकर गायब हो गया।