एक युवक ने अपने ही गांव में रहने वाली एक किशोरी को कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर दे दी। इसके बाद जब वह बेहोश हो गई तो अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ गैंगरेप किया।
क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीडिता की मां एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। देर शाम तक स्थानीय पुलिस पूरे मामले से बेखबर बनी रही।
घटना 28 जून की बताई जा रही है। गांव की रहने वाली एक महिला ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी बेटी की उम्र 15 है। उसकी बेटी को गांव का ही एक युवक 28 जून को बहला फुसलाकर अपने घर ले गया।
आरोप है कि युवक के घर में पहले से ही तीन युवक मौजूद थे और उसकी बेटी को शीतल पेय में नशीला पदार्थ पिलाकर उसकी बेटी के साथ युवक ने रेप किया। आरोप है कि उसकी बेटी को फिर आरोपी युवक रूडकी में अपने एक रिश्तेदार के घर ले गया और बंधक बनाकर चार युवकों ने उसकी बेटी के साथ रेप किया। होश में आने पर बेटी ने जैसे तैसे उसे रूड़की में होने की जानकारी दी।
फिर रिश्तेदारों की मदद से उसने अपनी बेटी के रूडकी से बरामद किया। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद स्थानीय पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए है।
बताया गया कि स्थानीय पुलिस को पूरे मामले की जानकारी ही नहीं थी। पूछने पर एसओ गजेंद्र बहुगुणा ने बताया कि युवती की मां ने स्थानीय पुलिस से संपर्क नहीं किया है। इसलिए, वे पीडित पक्ष से मिलकर पूरे मामले की जानकारी जुटा रहे है।