दून की कैंट पुलिस ने मिलिट्री अस्पताल से स्कूटी चुराने के आरोप में गढ़वाल रायफल के जवान को गिरफ्तार किया है। लद्दाख में तैनात यह जवान दो माह की छुट्टी पर दून आया है।
कैंट के सर्किट हाउस पुलिस चौकी क्षेत्र के नथुवावाला निवासी रुचि नेगी ने सात फरवरी को शिकायत दर्ज कराई थी कि पांच फरवरी को वह मिलिट्री अस्पताल में अपने परिचित से मिलने गई थी। गलती से स्कूटी में चाभी लगी रह गई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
स्कूटी के साथ गिरफ्तार
पुलिस ने मंगलवार को चोरी की स्कूटी के साथ अरविंद निवासी सैनिक कॉलोनी बालावाला को गिरफ्तार किया है। चौकी प्रभारी शशिभूषण जोशी ने बताया कि अरविंद वर्तमान में 18 गढ़वाल राइफल आर्मी में जम्मू कश्मीर के लद्दाख में तैनात है। इन दिनों वह दो माह के अवकाश पर घर आया है।
आरोपी घटना वाले दिन पत्नी के इलाज के लिए अस्पताल गया था। मौका पाकर जवान ने स्कूटी चुरा ली। पुलिस का कहना है कि जवान स्कूटी को बेचने की फिराक में था।