ऊधमसिंहनगर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। काशीपुर में एक महिला 10 रुपए का नोट पकड़ते ही सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ी। बताया जा रहा है कि इस दौरान 2 युवको ने नकदी समेत हजारों रुपये के जेवरात उड़ा लिए।
विज्ञापन
पीड़िता का नाम द्रोपा देवी है, जो कुंडा थाने के ग्राम गढ़ीनेगी की निवासी है। उसने बताया कि बुधवार की शाम वह ठाकुरद्वारा से दवाई लेकर काशीपुर पहुंची। वहां जसपुर बस अड्डे से घर जाने के लिए बस का इंतजार करने लगी।
इस दौरान उसके पास एक भीख मांगने वाला आया। छुट्टे पैसे न होने के कारण उसने उसे 10 रुपए की नोट थमा दी। थोड़ी देर बाद भिखारी वापस आया और 10 का नोट वापस करने लगा।
महिला ने जैसे ही नोट छुआ, वह बेहोश हो गई। आरोप है कि उक्त युवक ने अपने साथी की मदद से महिला से दो हजार रूपए, सोने की अंगूठी और कुंडल छीन लिए और वहां से फरार गए।
पीड़िता ने बांसफोड़ान चौकी में शिकायत दर्ज कराई है, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।