ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। निकाय चुनाव के लिए हरियाणा से लाई जा रही शराब की खेप के साथ पुलिस ने आठ तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कर हरियाणा सरकार की प्लेट लगी स्कार्पियो समेत तीन वाहनों में 200 पेटी शराब लेकर आ रहे थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सभी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। सभी आरोपी सहारनपुर, सोनीपत और पानीपत के रहने वाले हैं।
थानाध्यक्ष प्रेमनगर दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग हरियाणा से शराब लाकर दून में सप्लाई करने आ रहे हैं। पुलिस टीम ने सुद्धोवाला क्षेत्र में चेकिंग शुरू की। इसी बीच हरियाणा सरकार की प्लेट लगी एक स्कार्पियो मौके पर पहुंची। पुलिस ने इसे रोक दिया। इसमें सवार लोगों से पूछताछ की गई तो वह सकपकाने लगे। स्कार्पियो की तलाशी ली गई तो उसमें शराब भरी हुई थी। सख्ती से चालक से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि पीछे एक ट्रक और एक स्विफ्ट भी शराब लेकर आ रही है। कुछ ही देर में मौके पर दोनों वाहन पहुंच गए। तलाशी पर तीनों वाहनों से 200 पेटियां शराब बरामद हुई। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे हरियाणा से शराब लाकर सहारनपुर में स्टोर करते हैं। उसके बाद इसे निकाय चुनाव के लिए दून में सप्लाई करनी थी। आरोपियों में मुकेश निवासी कालूपुर चुंगी थाना सेक्टर 23, जिला सोनीपत, नवीन निवासी संभालका, कर्मवीर निवासी नौलथा इसराना पानीपत, विशाल निवासी अमृता बड़गांव सहारनपुर, धर्मेंद्र उर्फ भूरा निवासी नसरूल्लागंद खास नकुड़ सहारनपुर, प्रवीण निवासी शहर मालपुर बापौली पानीपत, विनोद निवासी मिर्जापुर बड़गांव सहारनपुर और गौरव कुमार निवासी रणधनी देवबंद सहारनपुर हैं। इसका सरगना धर्मेंद्र उर्फ भूरा है।