ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
टेस्ट में नंबर कम आए तो नौवीं का एक छात्र घर छोड़कर चला गया। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई तो पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्तों के पास बिहार चला गया है। बृहस्पतिवार शाम को जब परिजनों के पास फेसबुक पर मैसेज आए तो उनकी सांस में सांस आई। पुलिस जल्द ही छात्र को बिहार से लेकर आएगी।
जानकारी के मुताबिक, ओएनजीसी में सीआईएसएफ में तैनात एक अधिकारी का बेटा केंद्रीय विद्यालय में कक्षा नौ में पढ़ता है। मंगलवार सुबह वह स्कूल के लिए निकला था, मगर वापस नहीं आया। शाम तक खोजबीन करने पर भी जब पता नहीं चला तो परिजनों ने उसकी कैंट थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इंस्पेक्टर कैंट शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि छात्र की साइकिल रेलवे स्टेशन पर खड़ी मिली है। इसी के आधार पर रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही थी।
इसी बीच बृहस्पतिवार को पता चला कि वह बिहार अपने दोस्तों के घर गया है। परिजनों से पूछने पर पता चला है कि छात्र के पिता पहले बिहार में तैनात थे। वहां छात्र के कुछ दोस्त भी रहते हैं। उसने कुछ दिन पहले टेस्ट (गृह परीक्षा) में नंबर कम आने की बात कही थी। इसी बात को लेकर वह परेशान था। बिष्ट ने बताया कि पुलिस जल्द ही परिजनों के साथ जाकर छात्र को बिहार से लेकर आएगी।