ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
मॉडल स्कूल फॉर विजुअली हैंडीकैप्ड (एमएसवीएच) मेें दृष्टिबाधित छात्राओं से छेड़छाड़ और शारीरिक शोषण मामले में प्रदर्शन कर रहे छात्र बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री थावर चंद गहलोत के कहने पर भी नहीं माने। उन्होंने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। छात्रों ने केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत से करीब 15 मिनट तक मोबाइल फोन पर बातचीत की। वहीं, दिल्ली से आए अधिकारियों की जांच अभी जारी है। वे शुक्रवार को रिपोर्ट तैयार कर दिल्ली लौटेंगे।
बता दें कि बीते दस दिन से एमएसवीएच परिसर में छात्रों का धरना और प्रदर्शन जारी है। उनकी अधिकतर मांगें अभी पूरी नहीं हुई हैं। यही कारण है कि वे हर स्तर पर अपनी बात पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को उन्होंने केंद्रीय मंत्री थावर चंद गहलोत से फोन पर बात की। बच्चों ने उनसे अपनी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने को कहा। बात करने वाले एक छात्र ने बताया कि मंत्री को उन्होंने अब तक के घटनाक्रम और कार्रवाई के बारेे में भी बताया।
छात्र के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने उनसे कहा कि उन्होंने मंत्रालय से निदेशक स्तर के दो अधिकारियों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ही भेजा है। वे जो रिपोर्ट देंगे उसी के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेेंगे। मंत्री ने उनसे आंदोलन समाप्त करने को कहा, लेकिन छात्रों ने दो टूक मना कर दिया कि जब तक निदेशक अनुराधा डालमिया संस्थान से चली नहीं जाती हैं तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
--
आज होगी रिपोर्ट तैयार
केंद्रीय मंत्रालय से आए दोनों अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को भी संस्थान का दौरा किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत की और विभिन्न जगहों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेस और भंडार गृह की व्यवस्थाओं की पड़ताल की। तीन दिन पहले बाल कल्याण समिति के निरीक्षण में भंडार गृह में रखे हुए आटे में कीड़े और पानी की व्यवस्था सही नहीं पाई गई थी। अधिकारियों ने मेस इंचार्ज से भी बातचीत की। इसके अलावा उन्होंने सुरक्षाकर्मियों और स्टाफ के अन्य लोगों से भी पूछताछ की।