डाक्टर की जगह पत्नी देख रही थी क्लीनिक में मरीज, नोटिस
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
राजधानी में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक क्लीनिक और छह अल्ट्रासाउंड केंद्रों में छापे मारे। छापेमारी की कार्रवाई के दौरान नालापानी रोड स्थित एक क्लीनिक में टीम को डाक्टर की जगह उसकी पत्नी मरीजों का इलाज करती मिली। डाक्टर की पत्नी ने विभाग की टीम को बताया कि डाक्टर 10 दिनों के लिए कहीं बाहर गए हैं। क्लीनिक में काफी मात्रा में एलोपैथिक औषधि भी मिली, जबकि डाक्टर की पत्नी ड्रग्स लाइसेंस और अन्य कोई प्रमाण पत्र नहीं दिखा पाई। टीम ने क्लीनिक संचालक को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर जवाब मांगा है।
स्वास्थ्य विभाग को शिकायत मिली थी कि नालापानी रोड स्थित क्लीनिक मेें अप्रशिक्षित डाक्टर द्वारा क्लीनिक चलाया जा रहा है। शिकायत मिलते ही विभाग की टीम ने शनिवार सुबह 11 बजे क्लीनिक में छापा मारा। छापेमारी की कार्रवाई के दौरान देखने में आया कि डाक्टर की जगह उसकी पत्नी मरीजों को देख रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्लीनिक से जुड़े प्रमाण पत्र मांगे जाने पर वह कोई भी प्रमाण पत्र नहीं दिखा पाई। क्लीनिक संचालक को नोटिस जारी कर कहा गया है कि दो दिन के भीतर प्रैक्टिस के अभिलेख और अन्य प्रमाणपत्र सीएमओ कार्यालय को उपलब्ध कराएं जाएं। टीम में एसीएमओ डॉ.दयाल शरण, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ.केडी शर्मा, वरिष्ठ सहायक अजय कन्नौजिया शामिल रहे। वहीं स्वास्थ्य विभाग की एक अन्य टीम ने सिटी मजिस्ट्रेट चंद्र सिंह मर्तोलिया के नेतृत्व में शहर के छह अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घंटाघर और जोगीवाला स्थित अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर रिकार्ड रख-रखाव सही नहीं मिला। इसके अलावा न्यू रोड स्थित, वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया चंद्रबनी के पास स्थित, एक्सरे व अल्ट्रासाउंड केंद्र माजरा और जोगीवाला स्थित अल्ट्रासाउंड केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया, यहां मिली छोटी-मोटी कमियों को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण टीम में शामिल एसीएमओ डॉ.केके सिंह ने कहा कि जिन अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर कमियां पाई गई हैं, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा।