ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। पीजी ऑटोनॉमस कॉलेज की वेबसाइट को हैक कर देश विरोधी सामग्री डालते हुए ब्लास्ट करने की धमकी दी गई है। हैकर्स ने सोमवार को वेबसाइट पर पाकिस्तान के झंडे के साथ एक सैनिक का सांकेतिक फोटो भी अपलोड किया। कॉलेज के मीडिया समन्वयक डॉ. दयाधर दीक्षित के अनुुसार सुबह कुछ छात्रों ने उन्हें बताया कि कॉलेज की वेबसाइट पर पाकिस्तान का झंडा दिखाई दे रहा है। इस पर उन्होंने वेबसाइट को चेक किया तो उसमें पाकिस्तान के झंडे के साथ एक सैनिक का फोटो प्रदर्शित हो रहा था।
इसमें हैकर्स ने स्वयं को पाकिस्तानी बताते हुए ब्लास्ट करने की धमकी दी है। साथ ही आपत्तिजनक टिप्पणी भी की गई है। मीडिया समन्वयक ने बताया कि इसकी जानकारी हमने अपने सर्वर आपरेटर को दी। जिसके बाद वेबसाइट को तीन मिनट के अंदर सिक्योर कर लिया गया। उन्होंने बताया कि हमारा सर्वर मल्टीलेयर सिक्योरिटी से लैस है। इसमें कोई भी हैकर हमारे डाटा को किसी भी हाल में कैप्चर नहीं सकता है।